डिवाइडर तोड़ हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस
Share
छत पर बैठे यात्री सड़क पर गिरे, एक श्रद्धालु की मौत; 30 घायल
चित्तौड़गढ़, 26 मई: चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। बस चित्तौड़गढ़ से प्रसिद्ध सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। हादसा भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।
डिवाइडर और पोल तोड़ते हुए पलटी बस
पुलिस के अनुसार ‘राजनंदिनी’ नामक बस पहले सर्विस रोड पर चल रही थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस मुख्य हाईवे की ओर बढ़ गई। तेज रफ्तार बस ने डिवाइडर, बिजली के पोल और सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए हाईवे पर पलटी खा ली। हादसे के दौरान बस की छत पर बैठे 20 से 25 यात्री सड़क पर जा गिरे। गनीमत रही कि पीछे से कोई वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बारां निवासी युवक की मौत, कई रेफर
हादसे में बारां जिले के नपनिया निवासी 32 वर्षीय रघुवीर मीणा की मौत हो गई। घायल यात्रियों में जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु शामिल हैं। गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ और उदयपुर रेफर किया गया है।
बिना परमिट चल रही थी बस
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बस बिना वैध परमिट संचालित हो रही थी और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
