LOADING

Type to search

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर आधी रात पथराव, ड्राइवरों में दहशत

crime

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर आधी रात पथराव, ड्राइवरों में दहशत

Share

कागदर के पास बदमाशों का उत्पात, आधा दर्जन वाहनों के शीशे तोड़े
उदयपुर, 30 मई :
उदयपुर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऋषभदेव थाना क्षेत्र के कागदर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने चलती गाड़ियों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। करीब आधा दर्जन वाहन इस हमले का शिकार हुए, जिनके शीशे टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे ड्राइवरों और यात्रियों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
रात के अंधेरे में बरसे पत्थर
जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 बजे कागदर स्थित आवासीय विद्यालय के पास ओवरब्रिज पर कुछ असामाजिक तत्व सड़क किनारे छिपे हुए थे। उन्होंने अचानक हाईवे से गुजर रहे वाहनों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से चालक घबरा गए और कई वाहन अनियंत्रित होते-होते बचे।
वाहन मालिकों को हुआ नुकसान
पथराव में कारों, ट्रकों और अन्य चौपहिया वाहनों के आगे व साइड के शीशे चकनाचूर हो गए। कई वाहन बीच रास्ते में रुक गए, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। ड्राइवरों ने रात के समय हाईवे पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *