उदयपुर में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
Share
20 मिनट की तेज बारिश से गर्मी से राहत, अगले चार दिन आंधी-बारिश के आसार
उदयपुर, 30 मई: भीषण गर्मी से जूझ रहे उदयपुरवासियों को शनिवार तड़के मौसम ने बड़ी राहत दी। शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी के बीच हुई इस बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई।
हाईवे पर 20 मिनट तक हुई तेज बारिश

उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर टीडी क्षेत्र के बारापाल-पडूणा में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश के कारण बारापाल के समीप सर्विस रोड पर पानी भर गया, जबकि दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। शहर के विभिन्न इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का असर देखने को मिला।
पेड़ गिरने से प्रभावित हुआ आवागमन
वल्लभनगर कस्बे में उदयपुर-वल्लभनगर मुख्य मार्ग पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। वहीं तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटने और धूल उड़ने की भी घटनाएं सामने आईं। सलूम्बर क्षेत्र में भी देर रात बारिश हुई और सुबह तक बादल छाए रहे।
अगले चार दिन मौसम रहेगा बदला-बदला
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से मेवाड़ में मौसम का मिजाज बदला है। आगामी दो से चार दिनों तक बादल छाने, तेज हवाएं चलने, गर्जना के साथ बारिश होने और तापमान में कमी बने रहने की संभावना है। इससे क्षेत्र में लू से राहत मिलने के आसार हैं।
