LOADING

Type to search

कार की टक्कर से घायल लेपर्ड ने वनकर्मी पर किया हमला

Local

कार की टक्कर से घायल लेपर्ड ने वनकर्मी पर किया हमला

Share

चार घंटे तक चला रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन, ट्रैंक्यूलाइज कर सज्जनगढ़ भेजा गया
उदयपुर, 4 जून:
शहर के सुखेर थाना क्षेत्र स्थित चित्रकूट नगर में बुधवार रात एक घायल लेपर्ड ने वन विभाग की रेस्क्यू टीम के लिए चुनौती खड़ी कर दी। कार की टक्कर से घायल हुए लेपर्ड को पकड़ने के दौरान उसने वनकर्मी पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। करीब चार घंटे तक चले हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग की टीम ने लेपर्ड को ट्रैंक्यूलाइज कर सुरक्षित कब्जे में लिया और उसे सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
झाड़ियों में छिपा, फिर अचानक किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9 बजे भैरवगढ़ मार्ग पर एक कार की टक्कर से लेपर्ड घायल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन लेपर्ड झाड़ियों में जाकर छिप गया। देर रात तक चली सर्चिंग के दौरान ट्रैंक्यूलाइजिंग गन से उसे बेहोश करने का प्रयास किया गया। दवा का असर शुरू होते ही टीम उसके पास पहुंची, लेकिन पूरी तरह बेहोश नहीं होने के कारण लेपर्ड ने वनकर्मी जितेंद्र सिंह देवड़ा पर हमला कर दिया।
पहाड़ी क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
हमले में घायल वनकर्मी के हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। बाद में टीम ने जाल डालकर लेपर्ड को सुरक्षित पकड़ लिया। चित्रकूट नगर के आसपास पहाड़ी क्षेत्र होने और पहले भी लेपर्ड की आवाजाही सामने आने के कारण वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने की बात कही है। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *