पानी की किल्लत पर फूटा महिलाओं का गुस्सा
Share
खाली मटके लेकर जलदाय विभाग पहुंचीं, नियमित जलापूर्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
उदयपुर, 4 जून: हिरण मगरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के खिलाफ गुरुवार को महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। सेक्टर-5 के शांति नगर, गायत्री नगर, काशीपुरी और मनवाखेड़ा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं व स्थानीय नागरिक जलदाय विभाग के सेक्टर-4 स्थित कार्यालय पहुंचे और खाली मटके सौंपकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बेहद कम दबाव से पानी की सप्लाई हो रही है तथा कई इलाकों में महज 10 मिनट तक ही जलापूर्ति की जा रही है।
दैनिक जरूरतों के लिए भी नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पानी की कमी के कारण घरों में रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं को घंटों इंतजार कर पानी भरना पड़ रहा है, जिससे परिवार और बच्चों की देखभाल भी प्रभावित हो रही है। इस दौरान महिलाओं ने सहायक अभियंता का घेराव कर ज्ञापन सौंपा और नियमित जलापूर्ति की मांग की।
समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
किसान नेता विष्णु पटेल ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से समस्या झेल रहे हैं, लेकिन विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर बड़े स्तर पर जनआंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
