वनवासी क्षेत्रों में स्थापित होंगी 61 हनुमान प्रतिमाएं
Share
बांसवाड़ा-डूंगरपुर के जंगलों में सनातन संस्कृति जागरण अभियान शुरू
उदयपुर, 6 जून: दक्षिण राजस्थान के वनवासी क्षेत्रों में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बांसवाड़ा और डूंगरपुर के जंगल क्षेत्रों में 61 हनुमान प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। हँसगंगा हरिशेवा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं हरिशेवा धर्मशाला, भीलवाड़ा की ओर से प्रतिमाओं की पहली खेप शनिवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना की गई। भविष्य में कुल 101 प्रतिमाएं स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
धार्मिक आयोजनों के साथ होगा सांस्कृतिक जागरण
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज ने बताया कि वनवासी क्षेत्रों में हनुमान मंदिरों का निर्माण कर नियमित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 61 रामचरितमानस और 600 हनुमान चालीसा भी भेंट की गई हैं, जिससे स्थानीय समाज में धार्मिक साहित्य का प्रसार हो सके।
शोभायात्रा के बाद रवाना हुई प्रतिमाएं
प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा के बाद हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर से बस स्टैंड चौराहे तक शोभायात्रा निकाली गई। वहां से प्रतिमाओं को बांसवाड़ा और डूंगरपुर के वनवासी क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
संतों और समाजजनों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में संत मायाराम, संत गोविंद राम, संत ईशान राम, संत सुयज्ञ राम सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजनकर्ताओं ने इसे सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
