पुरुषोत्तम मास में अपना घर आश्रम, बेदला में संपन्न हुआ तुलादान
Share
उदयपुर, 9 जून: दान-पुण्य एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए विशेष महत्व रखने वाले पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आज अपना घर आश्रम, बेदला (उदयपुर) में श्रद्धा एवं सेवा भाव से तुलादान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती सावित्री सोमानी धर्मपत्नी श्री यशवंत सोमानी (उदयपुर) तथा केलवाड़ा निवासी श्री कृष्णगोपाल असावा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजुलता असावा ने अपने-अपने वजन के बराबर खाद्य सामग्री का तुलादान कर आश्रम के प्रभुजनों को समर्पित किया।
कार्यक्रम में आश्रम अध्यक्ष गोपाल कनेरिया ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ तुलादान संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर आश्रम संरक्षक सुरेश विजयवर्गीय, सचिव अशोक कोठारी तथा बृजेश जी शर्मा ने यजमानों का तिलक एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
तुलादान के पश्चात श्रीमती मंजुलता असावा ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि “पुरुषोत्तम मास में तुलादान करने तथा आश्रम के प्रभुजनों के दर्शन एवं सेवा का अवसर प्राप्त होने से मन को अपार शांति एवं आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है।”
कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, सेवा और परोपकार की भावना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित जनों ने पुरुषोत्तम मास में दान एवं सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ऐसे कार्यों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
