13 जून को सजेगी सुरों की महफिल, सुमन कल्याणपुर और एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम को संगीतमय श्रद्धांजलि
Share
अशोका पैलेस में होगा विशेष संगीत समारोह, सदाबहार गीतों से गूंजेगी शाम
उदयपुर, 10 जून : शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था ‘सुरों की मंडली’ द्वारा 13 जून को एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हिंदी फिल्म संगीत जगत की महान विभूतियों सुमन कल्याणपुर और एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम को उनके अमर गीतों के माध्यम से संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम अशोका पैलेस स्थित मधुश्री सभागार में सायं 4 से 8 बजे तक आयोजित होगा।
संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम में सुरों की मंडली से जुड़े कलाकार दोनों महान गायकों के लोकप्रिय और सदाबहार गीत प्रस्तुत करेंगे। आयोजन का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संगीत जगत के इन महान कलाकारों के योगदान से परिचित कराना भी है।
संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संगीत प्रेमियों में इसे लेकर विशेष उत्साह है। उन्होंने शहरवासियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में मधु केवल्या, दिव्या सारस्वत, नूतन बेदी एवं नीलम पटवा सहित संस्था के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों को स्वर्णिम दौर के मधुर गीतों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
