कन्हैयालाल के बेटों की आपत्ति के बाद डीएसपी की जॉइनिंग पर रोक
Share
उदयपुर, 10 जून: बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम में पीड़ित परिवार की आपत्ति के बाद एक डीएसपी गोविन्द सिंह की प्रस्तावित जॉइनिंग पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। कन्हैयालाल के बेटों ने राज्य सरकार को ज्ञापन देकर संबंधित अधिकारी की नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद मामले की समीक्षा शुरू हुई।
परिजनों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी ने उनके पिता की ओर से तत्कालीन सीआई धानमंडी गोविन्द सिंह को दी गई शिकायत पर मामला दर्ज किया होता तो उनके पिता जीवित होते। उनकी लापरवाही के चलते उनके पिता की जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई। फिलहाल मामला कोर्ट में जारी है, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ऐसे अधिकारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए। परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने के लिए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की थी। इस पर पुलिस मुख्यालय ने तत्काल आदेश जारी कर डीएसपी गोविन्द सिंह को पदभार ग्रहण करने से रोक दिया है।
