NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI का मशाल जुलूस
Share
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की उठी मांग
उदयपुर, 13 जून: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) उदयपुर देहात की ओर से नीट परीक्षा पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार शाम हीरणमगरी क्षेत्र में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस विभिन्न कोचिंग संस्थानों के बाहर से गुजरते हुए आगे बढ़ा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। वहीं एनएसयूआई देहात जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
जुलूस के समापन पर छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
