LOADING

Type to search

उदयपुर-दिल्ली वंदे भारत को मिली मंजूरी

Local

उदयपुर-दिल्ली वंदे भारत को मिली मंजूरी

Share

साढ़े आठ घंटे में पूरी होगी यात्रा, रोजाना चलेगी 16 कोच की ट्रेन
उदयपुर, 14 जून:
उदयपुर और नई दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सौगात आई है। रेलवे मंत्रालय ने उदयपुर सिटी से नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सप्ताह के सातों दिन संचालित होने वाली यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन दोनों शहरों के बीच सफर को पहले से अधिक तेज, सुविधाजनक और आरामदायक बनाएगी।
रेलवे बोर्ड के अनुसार उदयपुर से ट्रेन संख्या 22463 तथा नई दिल्ली से 22464 के रूप में यह सेवा संचालित होगी। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे ने संबंधित जोनों को जल्द संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं। नई रेक उपलब्ध होते ही उद्घाटन और संचालन की तिथि घोषित की जाएगी।
सुबह उदयपुर से रवाना, दोपहर में दिल्ली पहुंचेगी
संभावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5:45 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन से रवाना होकर चंदेरिया, कोटा और मथुरा होते हुए दोपहर 2:15 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस प्रकार उदयपुर से दिल्ली की यात्रा लगभग साढ़े आठ घंटे में पूरी हो जाएगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर रात 11:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी ट्रेन
16 कोच वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिलेगी। ट्रेन के रखरखाव की जिम्मेदारी उदयपुर सिटी स्टेशन को सौंपी गई है। वहीं कोटा, चंदेरिया और मथुरा स्टेशनों पर पानी भरने और सफाई की व्यवस्था रहेगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि नई सेवा से राजस्थान और दिल्ली के बीच पर्यटन, व्यापार तथा आर्थिक गतिविधियों को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *