विज्ञान समिति कुल प्रमुख डॉ. कुंदनलाल कोठारी को महाराणा प्रताप सम्मान-2026
Share
उदयपुर, 17 जून: सजीव सेवा समिति द्वारा महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर विज्ञान समिति सभागार में आयोजित 26वें मेवाड़ गौरव अलंकरण समारोह में विज्ञान समिति के कुल प्रमुख एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् 90 वर्षीय डॉ. कुंदनलाल कोठारी को “महाराणा प्रताप सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. कोठारी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए “बूस्टर टॉनिक” के समान है, जो उन्हें जीवन के शेष समय में भी समाज और राष्ट्र के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। समारोह के मुख्य अतिथि सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. कैलाश डागा, अध्यक्ष रणजीत सिंह चौधरी तथा मुख्य वक्ता डॉ. ए.एस. चुंडावत थे।
सम्मान स्वरूप डॉ. कोठारी का तिलक, शाल, माला, उपरणा, प्रशस्ति-पत्र एवं नकद पुरस्कार से अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि उन्होंने पुरस्कार राशि पुनः संस्था को समर्पित कर दी। कुलगुरु डॉ. कैलाश डागा ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप को मेवाड़ का सच्चा सपूत बताते हुए प्रसिद्ध काव्य रचना “नीला घोड़ा रा असवार” का सस्वर पाठ कर वीर रस का संचार किया।
कार्यक्रम में डॉ. एल.एल. धाकड़, डॉ. विमल शर्मा, डॉ. के.पी. तलेसरा, प्रो. महीप भटनागर, डॉ. उमाशंकर शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। संचालन प्रकाश तातेड़ ने किया तथा अंत में राष्ट्रगान एवं स्नेह भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।
