गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस पर छबील सेवा, मानवता और सेवा का दिया संदेश
Share
उदयपुर, 19 जून: सिखों के पंचम गुरु Guru Arjan Dev के शहीदी दिवस पर धन-धन बाबा दीप सिंह जी सेवा समिति, उदयपुर की ओर से शुक्रवार को छबील (शीतल एवं मीठे जल सेवा) का आयोजन किया गया। सुभाष नगर स्थित लेकसिटी मॉल रोड पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समिति अध्यक्ष बलकरण सिंह ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी महाराज ने मानवता, सत्य, सहिष्णुता और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित यह सेवा कार्यक्रम समाज में सेवा, सिमरन और त्याग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
मीडिया समन्वयक प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली छबील सेवा के दौरान राहगीरों को विनम्रतापूर्वक शीतल पेयजल वितरित किया गया। कार्यक्रम में गुरु वाणी का स्मरण करते हुए मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया गया।
इस अवसर पर बलकरण सिंह, जसकरण सिंह, डॉ. श्रद्धा गट्टानी, अनमोल सिंह, रक्षित, विनय सिंह, परविंदर, महिपाल एवं किशन सहित समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। वक्ताओं ने कहा कि गुरु अर्जन देव की शहादत समाज को प्रेम, भाईचारे, सद्भावना और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। “सेवा ही सिमरन है” के संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में सभी वर्गों के लोगों ने सहयोग किया।
