LOADING

Type to search

बारिश ने दी राहत, दो दिन और भीग सकता है उदयपुर

Local

बारिश ने दी राहत, दो दिन और भीग सकता है उदयपुर

Share

दिनभर उमस से बेहाल रहे लोग, शाम को तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी
उदयपुर, 19 जून:
लेकसिटी उदयपुर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी व उमस से राहत दिलाई। दिनभर चिपचिपी गर्मी से परेशान शहरवासियों ने शाम होते-होते मौसम का बदला मिजाज महसूस किया। कई इलाकों में बूंदाबांदी होने से वातावरण में ठंडक घुल गई और मौसम सुहावना हो गया।
दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन उमस कम नहीं हुई। शाम के समय अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते सड़कों और बाजारों में लोगों के चेहरे खिल उठे तथा कई लोग मौसम का आनंद लेने बाहर निकल पड़े।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही प्री-मानसून नमी के संयुक्त प्रभाव से दक्षिणी राजस्थान के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दो दिन बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मेवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में आगामी दो दिनों तक हल्की खंड वर्षा की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून पूर्व की यह गतिविधि क्षेत्र में राहत देने के साथ आगामी दिनों में बारिश का माहौल भी बना सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *