31 करोड़ के पार पहुंचा सांवलियाजी का भंडार
Share
चौथे चरण में निकले 2.50 करोड़ रुपए, शनिवार को होगी अगली गिनती
मंडफिया, 19 जून : मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर के भंडार की गिनती में श्रद्धालुओं की आस्था का नया रिकॉर्ड बनता दिख रहा है। शुक्रवार को चौथे चरण की गणना पूरी होने के साथ ही भंडार से प्राप्त नकद राशि 31 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गई। चौथे राउंड में 2 करोड़ 50 लाख 82 हजार रुपये निकले, जिससे अब तक की कुल गणना 31 करोड़ 12 लाख 28 हजार 200 रुपये तक पहुंच गई है।
मंदिर प्रशासन की निगरानी में शुक्रवार सुबह राजभोग आरती के बाद गिनती का कार्य शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष प्रबंधों के बीच कर्मचारियों और अधिकारियों की टीम लगातार गणना में जुटी रही।
गौरतलब है कि भंडार रविवार को खोला गया था, लेकिन बैंक अवकाश और अमावस्या के कारण गणना मंगलवार से शुरू हो सकी। इसके बाद प्रतिदिन चरणबद्ध तरीके से गिनती की जा रही है। अब तक चार चरण पूरे हो चुके हैं, जबकि पांचवें चरण की गिनती शनिवार को होगी।
राजस्थान ही नहीं, देशभर से आने वाले श्रद्धालु सांवलियाजी में अपनी श्रद्धा अनुसार नकद राशि और भेंट अर्पित करते हैं। यही कारण है कि प्रत्येक बार भंडार की गिनती करोड़ों में पहुंचती है। इस बार भी 31 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार होना मंदिर के प्रति भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
