LOADING

Type to search

नीट री-एग्जाम को लेकर हाई अलर्ट

education

नीट री-एग्जाम को लेकर हाई अलर्ट

Share

29 केंद्रों पर 8738 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, जैमर-सीसीटीवी से होगी निगरानी
उदयपुर, 20 जून:
21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर उदयपुर में प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 29 परीक्षा केंद्रों पर 8738 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर रोल नंबर के अनुसार बैठने की व्यवस्था की गई है। अधिकांश सरकारी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। गुरु गोविंद सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न केंद्रों पर अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश स्थलों पर टेंट और छाया की व्यवस्था भी की गई है।
इस बार एनटीए ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष दीवार घड़ियां भेजी हैं, जिन पर एनटीए का चिन्ह अंकित है। इसका उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों को समान समय प्रबंधन सुविधा उपलब्ध कराना है। परीक्षा कक्ष में व्यक्तिगत घड़ियां ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
जिले में दो परीक्षा समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक समन्वयक 16 तथा दूसरा 13 केंद्रों की निगरानी करेगा। जिला स्तरीय समिति में प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
इधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस लाइन में बैठक लेकर सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *