स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर कराएं फायर व इलेक्ट्रिकल ऑडिट: एडीएम
Share
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में पल्स पोलियो, टीकाकरण और डेंगू नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा
उदयपुर, 24 जून: जिला परिषद सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में एडीएम राठौड़ ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में फायर ऑडिट एवं इलेक्ट्रिकल ऑडिट समय पर करवाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता एवं उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि आरजीएचएस मरीजों से नगद राशि लेने की शिकायत पर पारस हॉस्पिटल प्रबंधन को राशि लौटाने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मावली उप जिला चिकित्सालय में सीजेरियन प्रसव की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में 28 जून से शुरू होने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीएमएचओ द्वितीय डॉ. ओमप्रकाश रायपुरिया एवं आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। मानसून को देखते हुए डॉ. विक्रम सिंह ने डेंगू-मलेरिया नियंत्रण गतिविधियां तेज करने तथा अल्फा स्प्रे करवाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, टीकाकरण, एचपीवी वैक्सीनेशन, परिवार नियोजन, कैंसर स्क्रीनिंग और संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी चर्चा की गई।
