तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण जल्द खोले सरकार: शिक्षक संघ
Share
जिले के भीतर तबादला प्रक्रिया शुरू करने की मांग, ऑनलाइन नीति लागू करने पर जोर
उदयपुर, 24 जून : राजस्थान शिक्षक संघ एकीकृत ने राज्य सरकार से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के लंबे समय से लंबित स्थानांतरण तत्काल खोलने तथा जिले के भीतर स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। संघ ने पारदर्शी, ऑनलाइन एवं समयबद्ध स्थानांतरण नीति लागू करने पर भी जोर दिया है।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भारत भूषण जोशी ने कहा कि प्रदेश के हजारों तृतीय श्रेणी शिक्षक वर्षों से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं। पारिवारिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अनेक शिक्षक दूरस्थ क्षेत्रों में कार्य करने को मजबूर हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू नहीं होने से शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राव गोपाल सिंह आसोलिया ने कहा कि जिले के भीतर स्थानांतरण नहीं होने से कई शिक्षक अपने परिवार से दूर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और स्पष्ट मानदंडों पर आधारित स्थानांतरण नीति लागू होने से शिक्षकों को राहत मिलेगी तथा शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
संघ ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण खोलने, इंट्रा डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर शुरू करने, ऑनलाइन नीति लागू करने तथा विधवा, दिव्यांग, गंभीर बीमारी एवं विशेष परिस्थितियों वाले शिक्षकों को प्राथमिकता देने की मांग की है। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी करेगी।
