LOADING

Type to search

उदयपुर में बेखौफ बदमाश: एक घंटे में चेन और पर्स स्नेचिंग की दो वारदातें

crime

उदयपुर में बेखौफ बदमाश: एक घंटे में चेन और पर्स स्नेचिंग की दो वारदातें

Share

स्कूटी सवार युवती घायल, पुलिस गश्त पर उठे सवाल; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
उदयपुर, 26 जून:
शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गुरुवार रात भूपालपुरा थाना क्षेत्र में महज एक घंटे के भीतर चेन स्नेचिंग और पर्स लूट की दो वारदातों ने पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दोनों घटनाओं में बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, जबकि पर्स छीनने की घटना में एक युवती घायल हो गई।
पहली घटना रात करीब 9:30 बजे सुभाषनगर क्षेत्र में पुराने पासपोर्ट कार्यालय वाली सड़क पर हुई। जानकारी के अनुसार, एक दंपत्ति भोजन के बाद टहल रहे थे। इसी दौरान स्पोर्ट्स बाइक पर हेलमेट पहने दो बदमाश आए और महिला के गले से सोने की चेन झपटकर सेवाश्रम की ओर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि दंपत्ति संभल भी नहीं पाए।
इसके करीब एक घंटे बाद 10:30 बजे शोभागपुरा से यूनिवर्सिटी रोड की ओर जा रही स्कूटी सवार युवती को पेट्रोल पंप के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। बाइक सवार आरोपियों ने युवती के कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया। अचानक हुए हमले से युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश
दोनों मामलों की सूचना मिलने के बाद भूपालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाना शुरू किया। पुलिस आरोपियों के भागने के मार्ग और उनकी पहचान के लिए फुटेज खंगाल रही है।
बाहरी गैंग पर पुलिस को शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदातों के पीछे किसी बाहरी स्नेचिंग गैंग का हाथ होने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महंगी और मॉडिफाइड पावर बाइक्स का इस्तेमाल करते हैं। वे शहर में आकर सुनसान स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाते हैं और वारदात के तुरंत बाद शहर से बाहर निकल जाते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *