LOADING

Type to search

उदयपुर में बछड़े का अधजला शव मिलने से बवाल

crime

उदयपुर में बछड़े का अधजला शव मिलने से बवाल

Share

गौ-रक्षकों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन, पुलिस ने दो दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा
उदयपुर, 26 जून:
गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में गाय के एक बछड़े का अधजला शव मिलने से शुक्रवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों और गौ-रक्षकों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और गीतांजलि अस्पताल रोड पर प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
घटना नेला तालाब के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सामने आई। सूचना पर गोवर्धन विलास थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश की और मामले की गंभीरता से जांच कर दो दिन के भीतर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक चला विरोध-प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में आरोपियों का पता नहीं लगाया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
जय श्रीकाली कल्याण शक्तिपीठ के गादीपति डॉ. हेमंत जोशी ने कहा कि गौवंश के साथ इस प्रकार की घटना अत्यंत गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं गौ-रक्षक ओम मेनारिया ने कहा कि यदि बछड़े की मृत्यु स्वाभाविक कारणों से भी हुई हो, तब भी उसके शव को इस तरह जलाना अनुचित है। उन्होंने पुलिस से मृत्यु के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक जांच कराने और पूरे मामले का खुलासा करने की मांग की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बछड़े की मौत और शव को जलाए जाने के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *