पीले चावलों के साथ घर-घर पहुंच रहा जगन्नाथ रथयात्रा का निमंत्रण
Share
16 जुलाई की भव्य रथयात्रा में शामिल होने के लिए समिति ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान
उदयपुर, 1 जुलाई: भगवान जगन्नाथ स्वामी की 16 जुलाई को निकलने वाली भव्य रथयात्रा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। रथयात्रा में अधिकाधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भगवान जगन्नाथ रथयात्रा समिति ने पारंपरिक पीले चावल निमंत्रण अभियान शुरू किया है। समिति के पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि घर-घर जाकर पीले चावल भेंट कर श्रद्धालुओं को भगवान की रथयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
समिति के प्रवक्ता राजेंद्र सेन ने बताया कि 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा जगदीश मंदिर से धूमधाम से निकलेगी। इसके लिए संयोजक दिनेश मकवाना के नेतृत्व में हेमंत शर्मा, हेमशंकर सुखवाल, महेंद्र सरदार, कुंदन चौहान, कैलाश सोनी, प्रकाश मेघवाल, प्रदीप सेन, संजू सोनी, विजय सुहालका सहित विभिन्न समाजों, संगठनों एवं मठों के संत-महंत शहर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर रहे हैं। समिति ने नगरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।
