देश के दिग्गज किकबॉक्सर जुटेंगे अगस्त में अहमदाबाद में
Share
पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप का भी होगा आयोजन
उदयपुर, 5 जुलाई: आगामी 1 से 5 अगस्त तक अहमदाबाद में राष्ट्रीय सीनियर किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन वाको इंडिया द्वारा किया जाएगा। इसके साथ 4 एवं 5 अगस्त को देश की पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप भी आयोजित की जाएगी। यह घोषणा वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने की।
गुजरात में होने जा रहे आयोजन की व्यवस्था समिति के मीडिया समन्वयक लय द्विवेदी ने उदयपुर यात्रा के दौरान बताया कि प्रतियोगिता में देश के 34 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1,500 खिलाड़ियों के भाग लेंने की संभावना है। इनके साथ करीब 200 रेफरी, जज, तकनीकी अधिकारी तथा मेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेंगे। यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि भारत में किकबॉक्सिंग के बढ़ते प्रभाव को भी नई पहचान देगा।
वाको (वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ किकबॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशंस) की स्थापना वर्ष 1977 में हुई थी। वर्तमान में इसके साथ विश्व के 147 देशों के राष्ट्रीय महासंघ जुड़े हुए हैं। किकबॉक्सिंग वैश्विक खेल पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और GAISF, ARISF, FISU तथा वर्ल्ड गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से संबद्ध है।
भारतीय किकबॉक्सरों ने अब तक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 367 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इनमें 96 स्वर्ण, 100 रजत तथा 171 कांस्य पदक शामिल हैं, जो भारत में इस खेल की लगातार बढ़ती ताकत को दर्शाते हैं। वाको इंडिया के अनुसार पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें वर्ष 2030 एशियन पैरा गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना भी है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल संगठन की अध्यक्षता में तैयारीयो पर चर्चा की जिसमें किकबॉक्सिंग सुपर लीग (KSL) के सह-संस्थापक अजय अडलखा, ओलंपिक पैरा एथलीट सुश्री भावीना पटेल, साल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नितिन शाह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी रुद्र राजपूत आदि मौजूद रहे।
