बारिश में ढहा कॉम्प्लेक्स, बाजार बंद होने से टला हादसा
Share
बांसवाड़ा, 8 जुलाई: बांसवाड़ा शहर के दाहोद रोड स्थित चेतक कॉम्प्लेक्स के महावीर प्लाजा में बुधवार तड़के तीन मंजिला इमारत का बीच का हिस्सा अचानक ढह गया। सीढ़ियों समेत पूरा स्लैब और छत का हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बाजार बंद होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना रात करीब एक बजे हुई। सुबह जानकारी मिलते ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश से इमारत का ढांचा कमजोर हो गया था। दिन के समय यहां सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में हादसा कभी भी बड़ी जनहानि का कारण बन सकता था। व्यापारियों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए बताया कि एक महीने पहले भी इसी कॉम्प्लेक्स में आग लगने से कई वाहन जल गए थे।
मामूली विवाद में छात्र पर हमला
उदयपुर, 8 जुलाई: सायरा ब्लॉक के एक स्कूल में बेंच पर बैठने को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दो छात्रों ने बाहरी युवकों को बुलाकर नौवीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। घायल छात्र को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्रों के बीच पहले विवाद हुआ था और आरोपियों ने पीड़ित को स्कूल के बाहर देख लेने की धमकी दी थी। इंटरवल के दौरान बाहरी लड़कों को बुलाकर छात्र के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सायरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई से लौटा युवक फंदे पर लटका मिला
डूंगरपुर, 8 जुलाई: सागवाड़ा थाना क्षेत्र के जेठाना गांव में मुंबई से घर लौटे 22 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जेठाना निवासी सुनील कटारा मुंबई में चाय की दुकान पर काम करता था और मंगलवार सुबह ही अपने घर लौटा था। शाम को उसने परिवार के साथ खाना खाया और रात करीब आठ बजे अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा तोड़कर देखा तो सुनील का शव पंखे से लटका हुआ मिला।
गैंगरेप का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, एक साल से फरार था
बांसवाड़ा, 8 जुलाई: बांसवाड़ा जिले में नौवीं कक्षा की छात्रा के अपहरण और गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले ही दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि आरोपी उसे पत्नी बनाने की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। छात्रा अपने साथ करीब एक किलो चांदी के आभूषण भी ले गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को दस्तयाब किया। मेडिकल और सोनोग्राफी जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले में दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी गईं।
