सड़क हादसे रोकने के लिए कड़ाई जरूरी
Share
आदतन ट्रैफिक अपराधियों पर सख्ती नहीं होने को बताया दुर्घटनाओं का बड़ा कारण
उदयपुर, 8 जुलाई: पर्यावरणविद और प्रोफेसर महेश शर्मा ने जयपुर में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत को व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा है कि आदतन ट्रैफिक अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ पहले से कई चालान दर्ज थे, लेकिन उसका लाइसेंस निलंबित नहीं किया गया। जबकि केंद्रीय मोटर वाहन संशोधन नियम, 2026 के तहत बार-बार गंभीर उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस निलंबित करने का प्रावधान है।
महेश शर्मा ने कहा कि ई-चालान, सीसीटीवी और डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बावजूद आदतन अपराधी सड़कों पर बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने बहुवर्षीय ‘रोलिंग रिकॉर्ड’ प्रणाली लागू करने, राजस्थान रोड सेफ्टी एक्ट, 2022 को लागू करने और हाईवे पुलिस को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।
