ड्रग्स तस्करों की 70 लाख की संपत्ति फ्रीज
Share
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रतापगढ़, 8 जुलाई: राजस्थान पुलिस के ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 70 लाख रुपए की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कर नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में थाना कोटड़ी पुलिस ने अकबर खान और नय्युम खान की चल-अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच में सामने आया कि दोनों ने एमडीएमए, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से यह संपत्ति अर्जित की थी।
जांच के दौरान अकबर खान के नाम कोटड़ी में करीब 50 लाख रुपए मूल्य की पांच बीघा भूमि और नय्युम खान के नाम करीब 20 लाख रुपए मूल्य की दो बीघा भूमि का पता चला। सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने दोनों संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
पुलिस ने संबंधित जमीनों पर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा तस्करों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
