एक्सपायर्ड चाय पत्ती का बड़ा जखीरा जब्त, 19 लाख की सामग्री सीज
Share
‘बाघ बकरी’ ब्रांड के नाम से बाजार में बेचने की थी तैयारी, खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
सलूंबर, 9 जुलाई: राज्य सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने सलूंबर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 हजार किलोग्राम एक्सपायर्ड (अवधि पार) चाय पत्ती जब्त की है। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपए बताई जा रही है।
विभागीय टीम ने परशुराम चौक, अदकालिया स्थित मैसर्स विजवा ट्रेडिंग कंपनी पर छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि एक्सपायर्ड चाय पत्ती को दोबारा पैक कर प्रसिद्ध ‘वाघबकरी’ ब्रांड के नाम से बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से पूरा स्टॉक जब्त कर सीज कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विभाग यह भी पता लगा रहा है कि एक्सपायर्ड चाय पत्ती कहां से लाई गई और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
