पिता और तीन बेटों की एक साथ उठी अर्थी
Share
जयपुर हादसे के बाद जेतपुरा में गमगीन माहौल, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
राजसमंद, 8 जुलाई: जयपुर में बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले पिता और उसके तीन बेटों का बुधवार को राजसमंद जिले के जेतपुरा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार की चार अर्थियां उठने और पिता के साथ तीन बेटों की चिता जलने का हृदयविदारक दृश्य देख पूरा गांव गम में डूब गया। गांव में किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला और अंतिम यात्रा में शामिल हर आंख नम दिखाई दी।
मंगलवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित 200 फीट चौराहे के पास सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे चंद्रप्रकाश बागरिया (40) और उनके बेटे गोपाल (11), रमेश (10) तथा दीपक (8) को एक बेकाबू ट्रेलर ने कुचल दिया था। तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी देवी के दोनों पैर भी कुचल गए हैं और उनका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार चंद्रप्रकाश जयपुर में झाड़ू बनाने का काम करता था और परिवार के साथ गांव लौटने की तैयारी में था। घटना पर लोकसभा अध्यक्ष ने भी शोक व्यक्त कर परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
