आज से शुरू होगी ‘कैट उड़ान एग्जीबिशन 2.0’, महिला उद्यमियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
Share
उदयपुर, 9 जुलाई: महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैट वूमेन विंग उदयपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘कैट उड़ान एग्जीबिशन 2.0’ का भव्य शुभारंभ 10 जुलाई से सॉलिटेयर गार्डन एंड बैंक्वेट, उदयपुर में होगा। यह प्रदर्शनी 10, 11 और 12 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8.30 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
कैट नेशनल जॉइंट सेक्रेटरी जनरल एवं कैट वूमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें महिलाओं द्वारा संचालित बुटीक, आभूषण, कला एवं हस्तशिल्प, गृह सज्जा, लाइफस्टाइल, खाद्य उत्पाद, उपहार सामग्री तथा बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। प्रदर्शनी में उदयपुर सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिनकी टीमें पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटी हुई हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन कैट नेशनल वूमेन विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन एवं कमिश्नर प्रज्ञा केवल रमानी करेंगी।
