बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर मारपीट, सात आरोपी गिरफ्तार
Share
डूंगरपुर, 10 जुलाई: डूंगरपुर जिले के कुंआ थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार पुरुष और तीन महिलाओं सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला को बांधने में इस्तेमाल की गई रस्सी, लोहे की सांकल और ताला भी बरामद किया है।
कुंआ थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता ने 6 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह दोपहर करीब तीन बजे अपने घर के आंगन में बैठी थी, तभी सुकरम, रमण, चंदु, विनय और उनके परिवार की महिलाएं उसके घर पहुंचीं। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में जबरन अपने घर ले जाकर रस्सी और लोहे की सांकल से बांधकर बंधक बना लिया। इस दौरान उसके साथ दोबारा मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा महिला को मुक्त कराया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सुकरम, रमण, चंदु, विनय उर्फ विनोद, रूखली, रीना और गंगा निवासी डूंगरसारण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
