16 को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, प्रशासन ने किया रूट का निरीक्षण
Share
उदयपुर, 13 जुलाई: भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को उदयपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान ने सोमवार को रथयात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मार्ग पर लटक रहे बिजली के तारों, अवरोधों और अन्य संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
जगदीश मंदिर से पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद दोपहर में मुख्य रथयात्रा शुरू होगी। भगवान जगन्नाथ, मां लक्ष्मी और दानी रायजी को रजत रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। इससे पहले सुबह जगदीश मंदिर परिसर में पारंपरिक रथयात्रा निकाली जाएगी।
14 जुलाई को भजन संध्या
रथयात्रा के उपलक्ष्य में 14 जुलाई को जगदीश चौक में भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके अलावा सेक्टर-7 स्थित जगन्नाथ धाम और आहड़ के गंगोद्भव कुंड स्थित इस्कॉन जगन्नाथ मंदिर से भी रथयात्राएं निकाली जाएंगी।
यह रहेगा मुख्य मार्ग
रथयात्रा जगदीश चौक से शुरू होकर घंटाघर, बड़ा बाजार, मोचीवाड़ा, भड़भूजा घाटी, भोपालवाड़ी, तीज का चौक, धनमंडी, लाखारा चौक, मार्शल चौराहा, आरएमवी रोड, रंग निवास, पिछोला मार्ग, लक्ष्मीजी मंदिर और भटियानी चौहट्टा होते हुए पुनः जगदीश चौक पहुंचेगी।
