सांसद राजकुमार रोत के गनमैन पर चाकू से हमला
Share
शराब के नशे में विवाद बढ़ा, साथी कॉन्स्टेबल गिरफ्तार
डूंगरपुर, 13 जुलाई: डूंगरपुर पुलिस लाइन में रविवार देर रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के सांसद राजकुमार रोत के गनमैन और कॉन्स्टेबल कपिल पर उनके ही साथी कॉन्स्टेबल ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कपिल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार घायल कॉन्स्टेबल कपिल और आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल पुलिस लाइन की एक ही इमारत में ऊपर-नीचे के क्वार्टर में रहते हैं। आरोप है कि कांतिलाल अक्सर शराब के नशे में कपिल और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करता था। रविवार रात भी उसने नशे की हालत में अपनी पत्नी और साली के साथ विवाद किया।
सूचना मिलते ही पहुंचे कपिल, हुआ हमला
कांतिलाल की पत्नी ने घटना की जानकारी कपिल को दी। इसके बाद कपिल अपने निर्माणाधीन मकान से रात करीब 12 बजे पुलिस लाइन पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही वह कांतिलाल के क्वार्टर के पास पहुंचे, उसने दरवाजा खोलते ही चाकू से हमला कर दिया, जिससे कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कॉन्स्टेबल को अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली थाना एएसआई विपिन कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हमले के कारणों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।
