हाईवे पर मिट्टी के ढेर से टकराई बाइक, युवक की मौत
Share
निर्माणाधीन सड़क पर हादसा, हेलमेट नहीं पहनने से सिर में लगी घातक चोट
उदयपुर, 14 जुलाई: उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह निर्माणाधीन सड़क पर हुए दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के बलीचा स्थित इंडो अमेरिकन स्कूल के पास सुबह करीब 6 बजे बाइक सवार निशित मीणा निवासी खेरवाड़ा पलसिया निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे जमा मिट्टी के ढेर से टकराकर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के बैग से आधार कार्ड और एक फोटो मिलने के आधार पर उसकी पहचान की गई। प्रारंभिक आशंका है कि वह शिक्षक भर्ती परीक्षा देने उदयपुर आ रहा था, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि हेलमेट होता तो गंभीर सिर की चोट से बचाव संभव था। मामले की जांच जारी है।
