LOADING

Type to search

अपराध समाचार–ढाई लाख की अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

crime

अपराध समाचार–ढाई लाख की अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

Share

बांसवाड़ा, 19 जुलाई: पुलिस ने ऑपरेशन ‘सुदर्शन चक्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से करीब 2.60 लाख रुपए मूल्य की 52 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में किरण मालीवाड़ को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाइक से एस्कॉर्ट कर रहे दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया। सलोपाट थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की बाइक पर संदेह होने पर बोलेरो की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब मिली। पुलिस ने बोलेरो और आर15 स्पोर्ट्स बाइक भी जब्त कर ली है। एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।
अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, दो बच्चों समेत पांच लोग घायल
बांसवाड़ा जिले में घाटोल थाना क्षेत्र के अमरथुन गांव के पास रविवार दोपहर यात्रियों से भरा ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो बच्चों और एक बुजुर्ग सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को निजी वाहनों से महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑटो का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। सभी घायल किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रैक्टर मशीन पलटने से युवक की मौत, डेढ़ महीने पहले बनी थी बेटी का पिता
मध्यप्रदेश से मजदूरी कर लौट रहे 20 वर्षीय राधेश्याम मीणा की ट्रैक्टर मशीन पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा पर भावगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ। प्रतापगढ़ जिला पुलिस के अनुसार युवक मकान निर्माण कार्य पूरा कर ट्रैक्टर मशीन से घर लौट रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता लालूराम मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया गया। राधेश्याम पिछले दो वर्षों से मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी डेढ़ महीने पहले ही बेटी का जन्म हुआ था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *