राजसमंद में तस्करों ने की पुलिस पर फायरिंग, एक पकड़ में आया
Share
राजसमंद, 21 जुलाई : राजसमंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झीलवाड़ा-टुंडरा बेरी रोड पर 454.385 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 68 से 70 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में डीएसटी, साइबर सेल और चारभुजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर झीलवाड़ा-टुंडरा बेरी रोड पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा करने पर वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बीच चालक गोविंद उर्फ गोविंद पाल, निवासी भियाड़ (जिला बाड़मेर), को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
454 किलो डोडा-चूरा जब्त
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 25 कट्टों में भरा 454.385 किलोग्राम डोडा-चूरा तथा तीन फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
