21वीं विशाल कांवड़ यात्रा में 11 हजार शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक
Share
गंगोद्भव से उभयेश्वर महादेव तक 21 किमी की यात्रा, पांच पवित्र नदियों के जल से होगा विशेष अभिषेक
उदयपुर, 26 जुलाई: शिव महोत्सव समिति के तत्वावधान में 17 अगस्त को आयोजित होने वाली 21वीं विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को गंगोद्भव परिसर में सर्वसमाज की बैठक आयोजित कर यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक यज्ञनारायण शर्मा ने की।
समिति के सात दिवसीय समारोह संयोजक एडवोकेट डॉ. रामकृपा शर्मा ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा गंगोद्भव कुंड से उभयेश्वर महादेव मंदिर तक करीब 21 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा में 11 हजार से अधिक शिवभक्तों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। कांवड़ियों के जलाभिषेक के बाद गंगा सहित पांच पवित्र नदियों के जल से उभयेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा से पूर्व सात दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे, जिनमें गणपति पूजन, कलश एवं तिरंगा यात्रा, दो दिवसीय रामायण पाठ, गंगा आरती और भक्ति संध्या जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे। समिति के प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद मनोहर चौधरी, महेश भावसार, उमेश नागदा, पुरुषोत्तम पाराशर, सुरेश रावत सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
