LOADING

Type to search

खड़े ट्रक में घुसी स्कूल वैन, 10वीं के छात्र की मौत

crime

खड़े ट्रक में घुसी स्कूल वैन, 10वीं के छात्र की मौत

Share

बांसवाड़ा में भीषण हादसा, 14 छात्र घायल; एक को उदयपुर रेफर, चालक हिरासत में
बांसवाड़ा, 29 जुलाई:
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में बुधवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वैन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 10वीं कक्षा के छात्र हयान वसानिया (16) की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य छात्र घायल हो गए। इनमें सात बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं और एक छात्र को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
हादसा सुबह करीब आठ बजे दाहोद मार्ग पर उस समय हुआ, जब निजी वैन सेंट पॉल स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी। वैन में कुल 15 छात्र सवार थे। टक्कर के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस एवं निजी वाहनों से महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल हयान वसानिया को बचाने के लिए चिकित्सकों ने सीपीआर सहित हरसंभव प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के उपचार की जानकारी ली।
सात बच्चों को गंभीर चोटें, चालक हिरासत में
प्रशासन के अनुसार सात बच्चों को अपेक्षाकृत गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र रुद्र नेमा को उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो बच्चों का इलाज बांसवाड़ा में जारी है। बाकी छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने वैन चालक नितिन मनारिया को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल ने घोषित किया अवकाश
सेंट पॉल स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाग्रस्त वैन स्कूल की नहीं थी और बच्चों के परिवहन की व्यवस्था अभिभावकों द्वारा की जाती है। हादसे के बाद स्कूल में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया। वहीं इस घटना ने एक बार फिर निजी स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर खड़े भारी वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *