LOADING

Type to search

दो दिन उदयपुर में रहेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल, बीड़ा गांव में रात्रि चौपाल करेंगे

political

दो दिन उदयपुर में रहेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल, बीड़ा गांव में रात्रि चौपाल करेंगे

Share

वन महोत्सव, पौधरोपण, एकलिंगजी दर्शन और संभागीय समीक्षा बैठक सहित व्यस्त रहेगा दौरा
उदयपुर, 31 जुलाई:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार से दो दिवसीय उदयपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, झाड़ोल के बीड़ा गांव में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और गांव में ही रात्रि विश्राम करेंगे। दौरे के दूसरे दिन वे नारी शक्ति रैली को रवाना करने, भगवान एकलिंगनाथ के दर्शन करने तथा उदयपुर संभाग और सिरोही जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेने सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 2:50 बजे विशेष विमान से महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक पहुंचेंगे। इसके बाद दूध तलाई वन परिक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे तथा चंदन वन में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। इसके बाद राजस्थान कृषि महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हेलीकॉप्टर से झाड़ोल के बीड़ा गांव पहुंचेंगे। वहां ग्राम विकास चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और शनिवार रात गांव में ही विश्राम करेंगे।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री बीड़ा गांव का भ्रमण करने के बाद उदयपुर लौटेंगे। कृषि महाविद्यालय से नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ से वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके बाद कैलाशपुरी में भगवान श्री एकलिंगनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे।
राजसमंद के कार्यक्रमों के बाद शाम को उदयपुर लौटकर मुख्यमंत्री राजस्थान अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद उदयपुर संभाग एवं सिरोही जिले के जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर शाम 7:30 बजे जयपुर के लिए रवाना होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *