उदयपुर की जेनेविव ने प्री-नेशनल शूटिंग में बनाई पहचान
Share
10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 15वीं रैंक, डेढ़ साल की मेहनत लाई रंग
उदयपुर, 31 जुलाई: झीलों की नगरी उदयपुर की युवा निशानेबाज जेनेविव लोबो ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। देहरादून में आयोजित स्वर्गीय जसपाल राणा मेमोरियल कप की महिला 10 मीटर एयर पिस्टल प्री-नेशनल प्रतियोगिता में उन्होंने 400 में से 366 अंक अर्जित कर 15वीं रैंक हासिल की। प्रतियोगिता में देशभर से 4,500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि महिला वर्ग में करीब 450 प्रतिभागी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में केवल राज्य स्तर पर क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते थे। वर्तमान में पुणे की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत जेनेविव ने डेढ़ वर्ष पहले ही शूटिंग शुरू की थी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, प्रशिक्षकों विजय नायक और स्नेहा तथा कार्यस्थल से मिले सहयोग को दिया। अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना है।

