खेत में बुजुर्ग पर लेपर्ड का हमला, 5 मिनट तक जबड़ों में दबाए रखा हाथ
Share
चीख-पुकार सुन ग्रामीण पहुंचे तो भागा लेपर्ड, कलाई में फ्रैक्चर; गांव में दहशत
बांसवाड़ा, 31 जुलाई: आबापुरा थाना क्षेत्र के भूतपाड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर खेत में काम कर रहे 65 वर्षीय किसान नाथु पुत्र हुरजी पर लेपर्ड ने जानलेवा हमला कर दिया। झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने पीछे से झपट्टा मारकर उनके दाहिने हाथ को जबड़ों में जकड़ लिया। करीब तीन से पांच मिनट तक चले संघर्ष में बुजुर्ग खुद को छुड़ाने की कोशिश करते रहे, लेकिन लेपर्ड ने पकड़ नहीं छोड़ी। इस दौरान उसके नुकीले दांत हाथ में गहराई तक धंस गए, जिससे कलाई की हड्डी टूट गई और हाथ बुरी तरह लहूलुहान हो गया। छुड़ाने के प्रयास में बुजुर्ग के पैर और पीठ पर भी पंजों के निशान आ गए।
नाथु की दर्दभरी चीखें सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख लेपर्ड जंगल की तरफ भाग निकला। ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार हाथ में गहरा घाव और कलाई में फ्रैक्चर है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को जल्द रेस्क्यू करने, प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और किसानों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

