LOADING

Type to search

मेवाड़–हाड़ौती पर्यटन सर्किट को नई उड़ान, सात दिवसीय फेम टूर का शुभारंभ

Business

मेवाड़–हाड़ौती पर्यटन सर्किट को नई उड़ान, सात दिवसीय फेम टूर का शुभारंभ

Share

10 राज्यों के 40 से अधिक ट्रैवल एजेंट उदयपुर से कोटा तक करेंगे पर्यटन स्थलों का भ्रमण
उदयपुर, 3 अगस्त:
मेवाड़ और हाड़ौती क्षेत्र को एकीकृत पर्यटन सर्किट के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में सोमवार से सात दिवसीय फेम टूर का शुभारंभ उदयपुर से हुआ। 2 से 8 अगस्त तक आयोजित इस आयोजन में देश के 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश से आए 40 से अधिक ट्रैवल एजेंट भाग ले रहे हैं, जो 8 अगस्त को कोटा पहुंचकर भ्रमण का समापन करेंगे।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, उदयपुर डिवीजन, होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान, इंडिया आउट ऑफ बॉक्स और कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेम टूर में यूनाइटेड होटलियर्स और यूसीसीआई सहयोगी भागीदार हैं। उदयपुर पहुंचने पर ट्रैवल एजेंटों का पारंपरिक स्वागत किया गया। ओल्ड सिटी वेलफेयर कमेटी ने भी अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सिटी पैलेस, जगमंदिर, पिछोला झील में बोट राइड, जगदीश मंदिर, गणगौर घाट और धरोहर लोक सांस्कृतिक शो का अवलोकन किया। साथ ही शिव निवास, रामी रॉयल, अरणिया विलास, उदयगढ़ और रमाडा सहित प्रमुख होटलों का भी निरीक्षण किया। होटल उदयगढ़ में आयोजित सांस्कृतिक संध्या और पारंपरिक राजस्थानी आतिथ्य ने सभी ट्रैवल एजेंटों को मेवाड़ की संस्कृति से रूबरू कराया।
होटल फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश चौधरी ने कहा कि मेवाड़–हाड़ौती पर्यटन सर्किट बनने से पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा, होटल उद्योग को नई गति मिलेगी और दक्षिणी व पूर्वी राजस्थान के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर फेडरेशन के सचिव अंबालाल साहू, कोषाध्यक्ष आकाश धन्नावत, होटल संस्थान के उपाध्यक्ष के.पी. अग्रवाल, योगेश्वर सिंह, वीरेन्द्र सिंह तथा ओल्ड सिटी वेलफेयर कमेटी के अक्षय सिंह राव, कैलाश सोनी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *