30 वर्षीय महिला के गर्भाशय से निकालीं 25 गांठें, जटिल सर्जरी में मातृत्व की उम्मीद भी बची
Share
पन्नाधाय महिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम की बड़ी सफलता, आठ माह के गर्भ जितना बढ़ चुका था गर्भाशय

उदयपुर, 4 अगस्त: पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने एक जटिल सर्जरी में 30 वर्षीय महिला के गर्भाशय से 25 फाइब्रॉइड (गांठें) निकालकर गर्भाशय सुरक्षित रखने में सफलता हासिल की। राजसमंद जिले के नंदाना-बड़पदा निवासी महिला 15 जुलाई को पेट में तेज दर्द और अत्यधिक रक्तस्राव की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। जांच में पता चला कि गर्भाशय में कई बड़ी गांठों के कारण उसका आकार आठ माह के गर्भ जितना हो चुका था।
रवीन्द्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सेन के नेतृत्व में डॉ. शमिता, डॉ. हिना, डॉ. भारत, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र वर्मा, डॉ. बसंत तथा नर्सिंग अधिकारियों जीनत और मनीषा की टीम ने सफल ऑपरेशन किया।
डॉ. संगीता सेन ने बताया कि ऐसे मामलों में अक्सर गर्भाशय निकालना पड़ता है, लेकिन मरीज की कम उम्र और भविष्य में मातृत्व की संभावना को देखते हुए टीम ने अत्यंत सावधानी से सभी 25 गांठें निकालते हुए गर्भाशय सुरक्षित रखा। सफल सर्जरी के बाद महिला पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह उपलब्धि पन्नाधाय महिला चिकित्सालय की उच्च स्तरीय विशेषज्ञता और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

