मां-बेटी हत्याकांड के विरोध में वल्लभनगर बंद, दोषियों को फांसी की मांग
Share
उदयपुर, 4 अगस्त: वल्लभनगर के मुंडोल गांव में मां-बेटी की हत्या के विरोध में मंगलवार को वल्लभनगर के बाजार बंद रहे। व्यापारियों और धनगर गाडरी समाज ने रैली निकालकर उपखंड कार्यालय पर धरना दिया तथा आरोपियों को फांसी और संपत्ति कुर्क करने की मांग उठाई। समाज के जिलाध्यक्ष नारायण गाडरी ने कहा कि न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी जयमीन उर्फ बंटी दवे को गिरफ्तार कर लिया गया था और फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है। समाज के प्रतिनिधियों ने आशंका जताई कि वारदात में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

