डोडा चूरा तस्करों से मुठभेड़, एक की मौत
Share
राजस्थान के भीलवाड़ा में एएनटीएफ की कार्रवाई, फायरिंग के बाद एक तस्कर ढेर, साथी गिरफ्तार; कार से भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद
भीलवाड़ा, 6 अगस्त: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और डोडा चूरा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक तस्कर की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करों की स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में डोडा चूरा और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार डोडा चूरा तस्करी की सूचना पर एएनटीएफ ने पुर बाईपास पर संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भोपालगढ़ (जोधपुर) निवासी गणपत (35) पुत्र आलाराम के सीने और पसलियों के पास गोली लगी। उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका साथी महेंद्र गोदारा भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
घटना की सूचना पर एसपी सागर राणा और डीएसपी राहुल जोशी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस को आशंका है कि तस्करों के साथ एक अन्य वाहन भी था, जिसकी तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार मृतक गणपत के खिलाफ विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस बरामद डोडा चूरा की मात्रा और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

