LOADING

Type to search

प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने पिता का सिर फोड़ा: बेहोश होने तक लाठी-कुल्हाड़ी से पीटा

crime

प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने पिता का सिर फोड़ा: बेहोश होने तक लाठी-कुल्हाड़ी से पीटा

Share

बंटवारे में ज्यादा जमीन मांगने का आरोप, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
राजसमंद, 8 अगस्त
: राजसमंद के खमनोर थाना क्षेत्र के शिशोदा गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में बेटे ने अपने 75 वर्षीय पिता पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने पिता के सिर पर तब तक वार किए, जब तक वे बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन नाथद्वारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
सैलून से निकलते ही किया हमला
परिजनों के अनुसार भंवरलाल सोनी शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गांव के बाजार स्थित सैलून पर दाढ़ी बनवाने गए थे। सैलून से बाहर निकलते ही छोटे बेटे दिनेश सोनी ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दिनेश ने लाठी और कुल्हाड़ी से पिता के सिर, हाथ, पीठ और पैरों पर वार किए। हमले के दौरान भंवरलाल बेटे के सामने हाथ जोड़कर बचने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी नहीं रुका। मौके पर लोगों की भीड़ मौजूद थी, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद
परिजनों का आरोप है कि पिता-पुत्र के बीच वर्ष 2020 से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। दिनेश ज्यादा जमीन चाहता था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले घर का बिजली मीटर जला दिया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी। खमनोर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि गोविंद सोनी की शिकायत पर दिनेश सोनी सहित दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद का मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *