LOADING

Type to search

संभाग की संक्षिप्त खबरें

Rajasthan

संभाग की संक्षिप्त खबरें

Share

सामाजिक आयोजनों पर खर्च सीमित कर शिक्षा पर दें जोर
उदयपुर:
मेघवाल समाज गिर्वा 33 गांव चोखला की बैठक अंबामाता में अध्यक्ष रामलाल मेघवाल-लकड़वास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए करणीय कार्यों के पत्रक का विमोचन किया गया। महामंत्री जाजी मेघवाल ने बताया कि 2026 की पारिवारिक परिचय निर्देशिका के लिए अब तक 164 प्रपत्र जमा हुए हैं। समाज ने परिवारों से सगाई, विवाह, स्वागत, मायरा, मृत्यु भोज सहित आयोजनों में अनावश्यक खर्च सीमित कर बची राशि बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने का आह्वान किया। सगाई में सीमित उपहार और तिलक में 1101 रुपए की व्यवस्था सहित कई निर्णय लिए गए। जाजम पर अफीम, तंबाकू और धूम्रपान पर प्रतिबंध तथा शोक सूचना के लिए व्हाट्सएप को मान्यता देने का निर्णय भी हुआ।

23 अगस्त को होगा हनुमत ध्वजारोहण महोत्सव
उदयपुर:
श्री स्वामी चतुर्भुज हनुमान-धाम इंद्रप्रस्थ हरिदासजी मगरी में 23 अगस्त रविवार को श्री हनुमत ध्वजारोहण महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। महंत इंद्रदेव दास ने बताया कि महोत्सव के तहत नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें शिव-शक्ति पीठ स्वयंभू हरिश्वर महादेव, मां अन्नपूर्णेश्वरी देवी, बोल भैरव, विघ्नहर्ता गजानंदजी, संकल्प सिद्धि सियाराम मंदिर और राधा-बिहारी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त शनिवार को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक श्रीरामचरितमानस नवान्ह पारायण का शुभारंभ होगा। मुख्य आयोजन 23 अगस्त को हनुमत ध्वजारोहण के साथ होगा। इसी अवसर पर अंतरिक्ष दिवस भी मनाया जाएगा।

मंदिर से गदा चुराने का प्रयास, पुजारी जागा तो पत्थरबाजी कर भागे
प्रतापगढ़:
छोटी सादड़ी से करीब तीन किलोमीटर दूर श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर में रविवार रात आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। बदमाश मंदिर परिसर में रखी गदा चुराने पहुंचे थे। इसी दौरान पुजारी के जागने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी और भाग गए। पहचान छिपाने के लिए बदमाशों ने CCTV कैमरों को कपड़े से ढकने का प्रयास किया, लेकिन वारदात कैमरों में कैद हो गई। मंदिर में इससे पहले भी दानपात्र चोरी हो चुका है। घटना से श्रद्धालुओं में रोष है। छोटी सादड़ी थाना अधिकारी कैलाश चंद्र सोनी ने बताया कि अभी पुजारी की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने पर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जाएगी।

तेज रफ्तार कार की टक्कर से मादा लेपर्ड की मौत
राजसमंद
: केलवा थाना क्षेत्र में उदयपुर-गोमती फोरलेन पर दुर्गा कुंड के पास रविवार रात करीब 8:30 बजे कार की टक्कर से मादा लेपर्ड की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लेपर्ड सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से उसके सिर और मुंह के आसपास गंभीर चोटें आईं। वन विभाग ने उसकी उम्र करीब 4 से 5 वर्ष बताई है। रेंजर लादूलाल शर्मा के अनुसार सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पिपरड़ा स्थित नर्सरी में रखवाया गया। रेंजर सत्यानंद गरासिया के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। हादसे के बाद ग्रामीणों ने करीब 20 मिनट तक फोरलेन पर जाम लगाया।

झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक को चाकू घोंपा, मौत
उदयपुर:
सवीना थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे 24 वर्षीय हेमाराम जाट की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। नागौर के बलवा निवासी हेमाराम करीब सात दिन पहले ठेकेदार धनराज के साथ मार्बल फिटिंग का काम करने उदयपुर आया था। पुलिस के अनुसार तीतरड़ी स्थित ठाकुर दाता तिराहे पर रात करीब 10 बजे चौकीदार सुनीता रावत और उसके पति अन्ना सिंह रावत के बीच विवाद हो रहा था। बीच-बचाव करने पर अन्ना ने हेमाराम पर चाकू से हमला कर दिया। एमबी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी दलबीर सिंह के अनुसार आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने घटना पर संवेदना जताई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *