41 दिन बाद भी चोरी का खुलासा नहीं, पीड़ित परिवार में रोष
Share
खेरवाड़ा में घरों से नकदी और लाखों के जेवरात चोरी; ग्रामीणों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की
खेरवाड़ा, 11 अगस्त (फूलशंकर डामोर): खेरवाड़ा के निचला खेरवाड़ा स्थित जयप्रकाश नगर में 41 दिन पहले हुई लाखों रुपए की चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है। मधुलता पटेल के घर से करीब एक लाख रुपए नकद, 50 तोला चांदी के जेवरात और लाखों रुपए के सोने के आभूषण चोरी हुए थे। वहीं पड़ोसी बंशीलाल पटेल के घर से भी 20 हजार रुपए नकद और करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है।
वारदात के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस थाना खेरवाड़ा, ऋषभदेव डिप्टी कार्यालय, खेरवाड़ा उपखंड अधिकारी और उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर जल्द खुलासा करने की मांग की थी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जिन लोगों पर शक है, उनसे पूछताछ के बजाय परिवार के सदस्यों को थाने बुलाकर परेशान किया जा रहा है।
मधुलता के पति विदेश में मजदूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि जवान बेटियों की शादी की चिंता के बीच चोरी का खुलासा नहीं होने से परिवार परेशान है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

