LOADING

Type to search

स्कॉर्पियो से महिला को कुचलने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

crime

स्कॉर्पियो से महिला को कुचलने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

Share

जीजा-साला को गोवा से पकड़ा, भागते समय गिरने से पैरों में गंभीर चोट; तीसरा आरोपी उदयपुर से गिरफ्तार
उदयपुर, 11 अगस्त:
उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो से महिला को कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआई अजय सिंह राव के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यशवर्धन चुंडावत, यशपाल सिंह झाला और विशाल शर्मा शामिल हैं। यशवर्धन और यशपाल रिश्ते में जीजा-साला हैं। दोनों को पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया, जबकि विशाल को उदयपुर से पकड़ा गया।
भागते समय गिरने से घायल हुए आरोपी
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान यशवर्धन और यशपाल भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अंबाघाटी में गिरने से दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें पकड़ा। अब तीनों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका स्पष्ट की जा रही है।
महिला को 7-8 फीट तक घसीटा था
घटना 7 अगस्त की शाम कपिल विहार में हुई थी। करीब 20-25 स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। महिला उर्मिला कंवर (52) ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने स्कॉर्पियो से उन्हें करीब 7-8 फीट तक घसीट दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
पैसों के विवाद से जुड़ा था मामला
परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पहले एक पक्ष के घर और कार्यालय पर तोड़फोड़ व पथराव हुआ था। इसके बाद बदले की कार्रवाई में आरोपियों ने दिव्यराज सिंह के घर पर हमला किया, जिसमें उसकी मां उर्मिला कंवर की जान चली गई। मामले में पुलिस जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *