स्कूल में छात्र के सीने में घुसा तीर, ऑपरेशन कर निकाला
Share
तीरंदाजी अभ्यास के दौरान 8वीं के छात्र के सीने में फंसा लोहे का नुकीला हिस्सा; उदयपुर में रात 2 बजे हुआ सफल ऑपरेशन
डूंगरपुर, 12 अगस्त: जवाहर नवोदय विद्यालय ठाकरड़ा में मंगलवार शाम तीरंदाजी अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास कर रहे छात्रों के बीच अचानक पहुंचे कक्षा 8 के छात्र विकास ननोमा के सीने में तीर जा घुसा। तीर लगने के बाद छात्र ने उसे खुद बाहर निकाल लिया, लेकिन उसका नुकीला लोहे का हिस्सा सीने में फंसा रह गया। गंभीर हालत में उसे पहले सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उदयपुर रेफर किया गया।
रात में उदयपुर पहुंचा छात्र
तलैया-बिछीवाड़ा निवासी विकास को सागवाड़ा सरकारी अस्पताल के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उपचार संभव नहीं हुआ। इसके बाद उसे मंगलवार रात उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज लाया गया। जिला प्रशासन की सूचना के कारण अस्पताल में पहले से डॉक्टरों की टीम तैयार थी।
रात 2 बजे किया ऑपरेशन
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। रात करीब 2 बजे ऑपरेशन कर छात्र के सीने में फंसा तीर का नुकीला लोहे का टुकड़ा सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई गई है और वह होश में है। परिजन भी उदयपुर पहुंच गए।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी
विद्यालय के प्रिंसिपल अमिल मीणा ने बताया कि अगले महीने तीरंदाजी की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होनी हैं, जिसके लिए विद्यार्थी अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान विकास अचानक अभ्यास क्षेत्र में आ गया और हादसा हो गया। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

