स्वाधीनता दिवस मुख्य समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास
Share
उदयपुर, 13 अगस्त: उदयपुर संभाग मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह को लेकर आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों का अंतिम पूर्वाभ्यास गुरुवार को गांधी ग्राउंड में हुआ। जिला कलक्टर के निर्देशन में मुख्य समारोह को लेकर की गई तैयारियों का मिनट टू मिनट पूर्वाभ्यास किया गया। एनएसएस के लाइजनिंग आॅफिसर प्रेमशंकर श्रीमाली की अगुवाई में ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट की सलामी, शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि कार्यक्रमों का अवलोकन कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। संचित निरीक्षक गुलाबसिंह कटारा, वल्लभनगर थानाधिकारी पुनाराम सहित प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीजी सेट में आरईसीडी अनिवार्य, प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने मांगी सूचना
उदयपुर, 13 अगस्त: डीजल जनरेटर सेट से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 75 से 1000 केवीए क्षमता वाले डीजल जनरेटर सेट के लिए टाइप अप्रूव्ड रेट्रोफिट एमिशन कंट्रोल डिवाइस (आरईसीडी) से संबंधित प्रावधान लागू किए गए हैं। संबंधित डीजी सेट में निर्धारित उत्सर्जन नियंत्रण व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने सभी उपयोगकर्ताओं से डीजी सेट की संपूर्ण सूचना मांगी है।
प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा ने बताया कि निर्धारित प्रावधानों के तहत डीजी सेट, उसके डीजल इंजन तथा आरईसीडी की जांच एवं अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। डीजी सेट और डीजल इंजन के लिए टाइप अप्रूवल/एमिशन कम्प्लायंस से संबंधित प्रमाण-पत्र उपलब्ध होना आवश्यक होगा। नियमों के अनुसार आरईसीडी के लिए टाइप अप्रूवल सर्टिफिकेट एवं प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। साथ ही आरईसीडी की स्थापना और कमीशनिंग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उदयपुर के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों, होटल, अस्पताल, वाणिज्यिक संस्थानों एवं अन्य संबंधित इकाइयों से उनके परिसर में स्थापित एवं उपयोग में लिए जा रहे 61 किलोवाट से 800 किलोवाट (75 से 1000 केवीए) क्षमता वाले डीजी सेट, डीजल इंजन, आरईसीडी की सूचना यथा माॅडल, निर्माता, निर्माण वर्ष आदि संपूर्ण विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव 16 अगस्त को
उदयपुर, 13 अगस्त: मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन रविवार 16 अगस्त को जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम उदयपुर के आॅडिटाॅरियम हाॅल में आयोजित किया जाएगा। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जिले के नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

