राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग रेसलिंग में उदयपुर का दमदार प्रदर्शन, 26 पदक जीते
Share
राजवीर, शिवम और अंजना ने दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए; खिलाड़ियों के लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
उदयपुर, 13 अगस्त: जयपुर के जोबनेर में आयोजित राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग रेसलिंग प्रतियोगिता में उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 26 पदक अपने नाम किए। स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता में राजस्थान के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में हिस्सा लिया। मेवाड़ के खिलाड़ियों ने गी और नोगी श्रेणियों में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए।
राजवीर, शिवम और अंजना ने दो-दो स्वर्ण जीते
उदयपुर ग्रैपलिंग रेसलिंग कमेटी के महासचिव तुषार मेहता ने बताया कि राजवीर सालवी, शिवम पंवार और अंजना वैष्णव ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं हेमांग गायरी, अन्वीक्षा सिंह और तराली टांक ने दो-दो रजत पदक प्राप्त किए। दिशांत त्रिवेदी ने स्वर्ण और रजत, जबकि माहिका सिंह और नयन पंडवाला ने स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीते। अनोस चीमा, दिव्यांश सालवी और तनवीर सिंह ने रजत व कांस्य पदक हासिल किए। पार्थ प्रजापत, भव्य सिंह, नील परमार और विराट सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों का किया सम्मान
टीम के साथ अभिशय विश्वास और कैलाश सिंह भी शामिल रहे। उदयपुर लौटने पर ग्रैपलिंग कमेटी के संरक्षक प्रवीण कुमार मेहता, पदाधिकारी रुक्मणि लोहार, सदस्य कपिल टांक, पायल मेहता, मां आशापुरा संगठन प्रमुख चेतन सोनी सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

